पेड़ कटाई की शिकायत पर पहुंचे बीट गार्ड से मारपीट, वर्दी फाड़ी; वीडियो वायरल

गौरेला में राजस्व जमीन पर पेड़ कटाई की जांच करने गए थे वनकर्मी सूर्यकांत रात्रे; आरोपी के खिलाफ मारपीट, शासकीय कार्य में बाधा और SC/ST एक्ट के तहत FIR
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। छत्तीसगढ़ के गौरेला वन परिक्षेत्र में ड्यूटी के दौरान बीट गार्ड के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान वनकर्मी की वर्दी भी फाड़ दी गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बीट गार्ड की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना मरवाही वनमंडल के गौरेला वन परिक्षेत्र के अंधियारखोर बीट की है। यहां पदस्थ बीट गार्ड सूर्यकांत रात्रे को दर्री निवासी रुद्र माझी ने पेड़ कटाई की सूचना दी थी। शिकायत की तस्दीक करने के लिए वनकर्मी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान उन्हें पता चला कि जिस जमीन पर पेड़ काटे जाने की बात कही जा रही थी, वह राजस्व विभाग की भूमि है। इस पर उन्होंने रुद्र माझी को संबंधित मामले में एसडीएम के पास जाने की सलाह दी।
सलाह देने पर विवाद, मारपीट का आरोप
आरोप है कि एसडीएम के पास जाने की सलाह से नाराज होकर रुद्र माझी ने बीट गार्ड के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान वनकर्मी की वर्दी फाड़ने का भी आरोप है। घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वनकर्मी के साथ हाथापाई और अभद्रता होती दिखाई दे रही है।
पुलिस ने दर्ज की FIR
बीट गार्ड सूर्यकांत रात्रे की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी सौरभ सिंह के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध मारपीट, गाली-गलौज, शासकीय कार्य में बाधा, शासकीय कर्मचारी पर हमले और एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।





