दिवाली-छठ पर 24 घंटे मिलेगी बिजली, बकाया वसूली के नाम पर कनेक्शन काटने पर रोक

योगी सरकार के ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश; अनावश्यक शटडाउन और कटौती बर्दाश्त नहीं, जरूरत के मुताबिक ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ेगी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में दीपावली, छठ और अन्य त्योहारों पर लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने की तैयारी शुरू हो गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने बिजली विभाग के अधिकारियों को त्योहारों के दौरान 24 घंटे बिजली देने के निर्देश दिए हैं। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने स्पष्ट कहा कि दीपावली प्रकाश का पर्व है, इसलिए अनावश्यक शटडाउन और बार-बार बिजली कटौती बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
त्योहारों में नहीं काटे जाएंगे बिजली कनेक्शन
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि त्योहारों के दौरान बकाया वसूली के नाम पर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन नहीं काटे जाएं।
बड़े और संगठित बिजली चोरों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, लेकिन छोटे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान न किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि नियमित बिल जमा करने वाले उपभोक्ताओं को बकायेदारों के कारण ट्रिपिंग और बिजली कटौती की समस्या नहीं होनी चाहिए।
ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने के निर्देश
मंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में बिजली की मांग अधिक है, वहां जरूरत के मुताबिक ट्रांसफार्मरों की क्षमता तत्काल बढ़ाई जाए। झटपट पोर्टल पर नए बिजली कनेक्शन के लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने और निरस्त आवेदनों की समीक्षा कर व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए गए हैं।
नवंबर के बिल में 9.70% राहत
ऊर्जा मंत्री ने नवंबर के बिजली बिलों में 9.70 प्रतिशत राहत मिलने पर उपभोक्ताओं को बधाई दी। इसके तहत घरेलू, व्यावसायिक समेत अन्य श्रेणियों के उपभोक्ताओं को लगातार पांचवें महीने लाभ मिलने की बात कही गई।
नगर पंचायतों में भी बेहतर आपूर्ति
नवसृजित नगर पंचायतों में भी मुख्यालयों की तर्ज पर निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली देने के निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने कहा कि जरूरत पड़ने पर नगर विकास विभाग अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने को तैयार है। बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद, यूपीपीसीएल के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।





