StateNewsदेश - विदेश

MAUSAM: MP में 3 सिस्टम एक्टिव, गुजरात-राजस्थान समेत 7 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट; कई जगह स्कूल बंद

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मध्य प्रदेश में तीन स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने के कारण अगले दो दिनों तक पश्चिमी हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान, बिहार, गुजरात समेत 7 राज्यों में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

मध्य प्रदेश के इंदौर और उज्जैन संभाग में अगले 48 घंटे भारी बारिश होने का अनुमान है। लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। बैतूल में सतपुड़ा बांध के सात गेट खोलने पड़े हैं। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।

गुजरात में बारिश का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। कई जिलों में भारी बारिश को देखते हुए शुक्रवार को स्कूल और कॉलेज बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। खेड़ा जिले में तेज बारिश और हवाओं के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।

उत्तराखंड में भी मौसम खराब बना हुआ है। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिले में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश से हरिद्वार में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। रुद्रप्रयाग में अलकनंदा नदी भी उफान पर है।

उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी हुई है। हालांकि मौसम विभाग ने प्रदेश के 24 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। ललितपुर, मिर्जापुर और सोनभद्र में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

राजस्थान में भी कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। चूरू के सरदारशहर में तेज बारिश के बाद बाजार की सड़कों पर करीब तीन फीट तक पानी भर गया। बिहार में भी 25 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में गुजरात, सौराष्ट्र-कच्छ, केरल, कर्नाटक, हिमालयी क्षेत्रों और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का असर जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button