ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग पर भीषण हादसा: ट्रक से भिड़ी क्रेटा, एक युवक की मौत; 3 घायल

रायपुर। रायपुर-बलौदाबाजार मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। खरोरा थाना क्षेत्र के मंगोली चौक के पास ट्रक और क्रेटा कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में क्रेटा सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक क्रेटा कार क्रमांक CG 04 QH 6732 में ओमप्रकाश साहू, संजय साहू, शिवम साहू और रामेश्वर केंवट सवार थे। सभी भटगांव से रायपुर की ओर जा रहे थे। मंगलवार सुबह मंगोली चौक के पास उनकी कार की ट्रक क्रमांक UP 32 JN 2667 से जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि क्रेटा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चारों लोगों को चोटें आईं। शिवम साहू की हालत गंभीर बताई गई। बाद में उसकी मौत होने की सूचना मिली। हालांकि पुलिस ने शव और मौत की स्थिति की चिकित्सकीय पुष्टि की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

घायलों को अस्पताल भेजा

हादसे की सूचना मिलने के बाद DPCR कंट्रोल रायपुर से खरोरा पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए श्रीकृष्णा अस्पताल, खरोरा भेजा। पुलिस ने घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था भी संभाली। फिलहाल मार्ग पर आवागमन सामान्य बताया जा रहा है।

ट्रक चालक मौके से फरार

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। फरार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button