ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राष्ट्रपति से मिलकर लौटे छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी, CM साय से साझा किए यादगार अनुभव; नुकेश को खुद राष्ट्रपति ने बांधी राखी

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर लौटे छत्तीसगढ़ के प्रतिभावान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की।

विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति भवन की यात्रा, राष्ट्रपति के साथ हुए आत्मीय संवाद और वहां मिले सम्मान से जुड़े अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।

मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना गौरव की बात है। बच्चों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक प्रस्तुति से प्रदेश का मान बढ़ाया है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई में मेहनत करने और जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने का आह्वान किया।

राष्ट्रपति ने बच्चों से पूछा- पढ़ाई और भविष्य के सपने

विद्यार्थियों ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उनसे सहजता और आत्मीयता के साथ बातचीत की। उन्होंने बच्चों की शिक्षा, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। राष्ट्रपति भवन का भ्रमण भी विद्यार्थियों के लिए यादगार रहा।

रक्षाबंधन के अवसर पर हुई इस मुलाकात का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने CWSN विद्यार्थी नुकेश कुमार वर्मा को स्वयं राखी बांधी। राष्ट्रपति का यह स्नेह नुकेश सहित सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए यादगार बन गया।

राष्ट्रपति भवन में गूंजा छत्तीसगढ़ का सुवा नृत्य

इस दौरान छात्राओं ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुवा नृत्य की प्रस्तुति दी। लोकगीत, संगीत और नृत्य से सजी प्रस्तुति की राष्ट्रपति ने सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक संस्कृति प्रदेश की पहचान और अमूल्य धरोहर है। नई पीढ़ी जब इसे देश के बड़े मंचों पर प्रस्तुत करती है, तो छत्तीसगढ़ की परंपराओं को नई पहचान मिलती है।

राष्ट्रपति से मिलने वाले विद्यार्थियों में नारायणपुर की राजवती पोयाम, सुकमा के हिमांशु ठाकुर, दुर्ग की पायल राजानी, महासमुंद की रागनी साहू, रायपुर के नुकेश कुमार वर्मा तथा महासमुंद के दुर्गेश साहू और डिगेश सेन शामिल रहे। मुख्यमंत्री ने सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Related Articles

Back to top button