छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट को मिलेगा नया चीफ जस्टिस, जस्टिस कृष्णा राम महापात्रा के नाम की सिफारिश

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में जल्द ही नए मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति हो सकती है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने ओडिशा हाई कोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस कृष्णा राम महापात्रा को छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त करने की सिफारिश की है। यह सिफारिश मौजूदा मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा के 4 सितंबर 2026 को सेवानिवृत्त होने के मद्देनजर की गई है।
कॉलेजियम की बैठक 6 अगस्त 2026 को हुई थी। इसी बैठक में जस्टिस महापात्रा के नाम पर विचार के बाद केंद्र सरकार से उनकी नियुक्ति की सिफारिश की गई। हालांकि, अभी इसे अंतिम नियुक्ति नहीं माना जा सकता है। केंद्र सरकार की प्रक्रिया पूरी होने और राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद ही नियुक्ति प्रभावी होगी।
4 सितंबर को रिटायर होंगे जस्टिस रमेश सिन्हा
छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस रमेश सिन्हा 4 सितंबर को सेवानिवृत्त होंगे। उनके कार्यकाल के बाद नए मुख्य न्यायाधीश के रूप में जस्टिस कृष्णा राम महापात्रा के कार्यभार संभालने की संभावना है।
राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद शपथ
कॉलेजियम की सिफारिश के बाद अब केंद्र सरकार की ओर से नियुक्ति की औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने पर अधिसूचना जारी होगी। नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बिलासपुर स्थित हाई कोर्ट में नए मुख्य न्यायाधीश का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा।
जस्टिस महापात्रा की नियुक्ति छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में नेतृत्व परिवर्तन की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है। हालांकि अंतिम फैसला केंद्र सरकार और राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगा।





