मानसून का कहर: यूपी में 80 से ज्यादा मकान गिरे, बिहार में पुल के ऊपर बह रहा पानी; उत्तराखंड में कार बहने से 2 की मौत

दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसूनी बारिश का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और झारखंड समेत कई राज्यों में भारी बारिश के चलते बाढ़, जलभराव और भूस्खलन की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश के चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में आई बाढ़ से 80 से ज्यादा कच्चे मकान गिर गए हैं। रायबरेली के ऊंचाहार में बारिश का पानी भरने से एनटीपीसी परियोजना की यूनिट नंबर-2 बंद करनी पड़ी। जिले में बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत भी हुई है। चंदौली में वाटरफॉल पर फंसे पर्यटकों को पुलिस और वन विभाग की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।
बिहार के जहानाबाद में दरधा नदी अचानक उफान पर आ गई। जाफरगंज पुल के ऊपर करीब 2 फीट पानी बह रहा है। बेगूसराय में गंगा की बाढ़ के कारण करीब 50 हजार लोग प्रभावित बताए जा रहे हैं। मौसम विभाग ने पटना समेत 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में बारिश से हालात और बिगड़े हैं। देहरादून में तेज बरसाती बहाव में क्रेटा कार बह गई। कार में तीन लोग सवार थे। SDRF ने एक व्यक्ति को सुरक्षित निकाल लिया, जबकि दो की मौत हो गई। बागेश्वर-गरुड़ मार्ग पर मलबा आने से सड़क बंद है। उत्तरकाशी में गंगोरी-ढोढीताल सड़क बह गई है।
झारखंड के सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। मध्य प्रदेश में अगले चार दिन भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। वहीं राजस्थान में अगस्त के दौरान सामान्य से बेहद कम बारिश दर्ज की गई।





