ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बस्तर से सरगुजा तक मजबूत होगी रेल कनेक्टिविटी: CM साय ने रेल मंत्री से की चर्चा, कई नई परियोजनाओं को मिली रफ्तार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ में रेलवे नेटवर्क के विस्तार और लंबित रेल परियोजनाओं को गति देने पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और सांसद संतोष पांडे भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि रेल नेटवर्क का विस्तार प्रदेश के संतुलित और समावेशी विकास का मजबूत आधार बनेगा।

बैठक में कटघोरा-डोंगरगढ़ नई रेलवे लाइन परियोजना पर विशेष चर्चा हुई। करीब 295 किलोमीटर लंबी इस रेल लाइन का निर्माण रेल मंत्रालय और राज्य सरकार के संयुक्त उपक्रम के माध्यम से किया जाएगा।

यह रेल मार्ग कटघोरा, करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक पहुंचेगा, जिससे पहली बार कई क्षेत्रों को रेल सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने रावघाट-जगदलपुर रेलवे लाइन परियोजना की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि लगभग 140 किलोमीटर लंबी इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है और रेलवे की निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

इसके शुरू होने से बस्तर क्षेत्र की कनेक्टिविटी और विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर, धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा और अंबिकापुर-बरवाडीह रेल परियोजनाओं को जल्द मंजूरी देने का अनुरोध भी किया। रेल मंत्री ने इन परियोजनाओं पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

बैठक में किरंदुल-कोत्तागुडेम और गढ़चिरौली-बीजापुर-किरंदुल रेल लाइन के सर्वे कार्य की प्रगति पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नई रेल परियोजनाओं से औद्योगिक विकास, खनिज परिवहन, कृषि उत्पादों की आसान आवाजाही, पर्यटन और जनजातीय क्षेत्रों के विकास को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ का रेल नेटवर्क और मजबूत होगा।

Related Articles

Back to top button