StateNewsदेश - विदेश

चार मंजिला इमारत ढही: 9 लोगों की मौत, मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी; खतरनाक घोषित थी बिल्डिंग

भिवंडी। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां नारपोली इलाके में स्थित एक चार मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 4 से 5 लोगों के अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, ढही हुई इमारत में कुल 48 कमरे थे। प्रत्येक मंजिल पर 12 कमरे बने हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि इस इमारत को पहले ही खतरनाक घोषित किया जा चुका था। हादसे के समय बिल्डिंग में मरम्मत का काम चल रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9 बजे से ही इमारत से तेज चटकने और दरारें पड़ने जैसी आवाजें आने लगी थीं। खतरे को देखते हुए कुछ स्थानीय लोगों ने तुरंत वहां रहने वाले परिवारों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। इसी दौरान अचानक इमारत के बी विंग का एक बड़ा हिस्सा ढह गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। एनडीआरएफ (NDRF), ठाणे डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (TDRF) और फायर ब्रिगेड की टीमें मलबा हटाकर फंसे लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।

बचाव अभियान के दौरान कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। भिवंडी के इंदिरा गांधी अस्पताल के कैजुअल्टी ऑफिसर डॉ. आकाश शुक्ला ने बताया कि रात में तीन घायलों को अस्पताल लाया गया था, जिनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। सभी को चोटें आई हैं, जबकि दो पुरुषों के फ्रैक्चर की आशंका है।

प्रशासन ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर इमारत के जर्जर होने और मरम्मत कार्य को हादसे की वजह माना जा रहा है। मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू टीम लगातार प्रयास कर रही है।

Related Articles

Back to top button