ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

महादेव बेटिंग केस में ED की पूछताछ: शेफाली बग्गा बोलीं- सट्टा ऐप प्रमोशन की डील्स पापा संभालते थे, घर से मिले 30 लाख कैश पर भी सवाल

रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग सिंडिकेट से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने टीवी होस्ट और बिग बॉस की पूर्व कंटेस्टेंट शेफाली बग्गा से लगातार दूसरे दिन पूछताछ की।

जांच एजेंसी ने उनके दिल्ली स्थित घर से बरामद 30 लाख रुपये नकद, अवैध बेटिंग ऐप्स के प्रमोशन, विदेश यात्राओं और महादेव सिंडिकेट से कथित संबंधों को लेकर कई घंटे तक सवाल किए।

ED के मुताबिक, 30 मई को शेफाली के घर पर छापेमारी के दौरान 30 लाख रुपये नकद जब्त किए गए थे।

एजेंसी का दावा है कि पूछताछ के दौरान शेफाली ने स्वीकार किया कि उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए बेटिंग ऐप्स का प्रचार किया।

उन्होंने कथित तौर पर बताया कि प्रमोशन से जुड़ी डील, कैश भुगतान और अन्य वित्तीय मामलों को उनके पिता विपिन बग्गा संभालते थे।

जांच एजेंसी का आरोप है कि शेफाली के 58 लाख फॉलोअर्स वाले इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए लोगों को एक टेलीग्राम चैनल पर भेजा जाता था, जहां बेटिंग ऐप्स का प्रचार, टिप्स और कैश-आउट संबंधी जानकारी साझा की जाती थी।

ED के अनुसार, यूजर्स को यह भरोसा भी दिलाया जाता था कि बेटिंग से हुई कमाई पर सरकारी एजेंसियां कोई कार्रवाई नहीं कर पाएंगी।

ED ने शेफाली के पिता विपिन बग्गा और भाई शिवांश बग्गा को भी समन जारी किया है, हालांकि दोनों अब तक पूछताछ के लिए पेश नहीं हुए हैं। एजेंसी दुबई और लंदन यात्राओं, कथित हवाला नेटवर्क और महादेव सिंडिकेट के सदस्यों से संबंधों की भी जांच कर रही है।

फिलहाल मामले की जांच जारी है। ED वित्तीय लेन-देन, कैश फ्लो और सोशल मीडिया के जरिए बेटिंग प्लेटफॉर्म के प्रचार से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

वहीं, इस मामले में शेफाली बग्गा या उनके परिवार की ओर से कोई विस्तृत सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Related Articles

Back to top button