ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट,बिलासपुर में बाढ़ जैसे हालात

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी, झारखंड और ओडिशा के ऊपर बने लो-प्रेशर एरिया के असर से प्रदेश में लगातार नमी पहुंच रही है।

इसके चलते पिछले 24 घंटे में मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में तेज बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे तक मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

बारिश का सबसे ज्यादा असर बिलासपुर जिले में देखने को मिला, जहां करीब 20 साल बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। लगातार बारिश से नेशनल हाईवे-49 पर कई स्थानों पर 4 से 5 फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

सरकंडा के लिंगियाडीह क्षेत्र में तेज बहाव में बहने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बाद में उसका शव झाड़ियों से बरामद किया गया।

कोटमीसोनार में लीलागर नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण प्रशासन ने इस मार्ग को भी बंद कर दिया है। लोगों से अनावश्यक यात्रा नहीं करने और सुरक्षित वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की गई है।

बारिश के कारण श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार, मित्र विहार, बंधवापारा, जोरापारा और शिवम होम्स सहित कई कॉलोनियों में सड़कें और घर जलमग्न हो गए। हालात को देखते हुए बिलासपुर जिले के स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया।

वहीं, रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से 5 मेमू ट्रेनें रद्द कर दी गईं, जबकि 3 ट्रेनों के रूट बदलकर संचालित किए जा रहे हैं। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button