रायपुर में बैटरी कारोबारी ने पत्नी और 3 बच्चों को जहर देकर की खुदकुशी

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र स्थित संजय नगर में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से सनसनी फैल गई।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, बैटरी कारोबारी सय्यद शाहिद उर्फ सज्जू (45) ने पहले अपनी पत्नी और तीन बच्चों को खाने में जहर दिया, फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना का खुलासा तब हुआ, जब घर से तेज बदबू आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, शाहिद पिछले आठ महीने से संजय नगर में किराए के मकान में पत्नी राबिया, 19 वर्षीय बेटे इरशाद अली, 17 वर्षीय बेटी शाहिदा और 16 वर्षीय इरशाबा बेगम के साथ रह रहा था।
गुरुवार शाम के बाद से परिवार का कोई सदस्य बाहर नहीं दिखा। शुक्रवार को भी पूरे दिन घर का दरवाजा बंद रहा। देर रात पड़ोसियों ने बदबू आने पर पुलिस को बुलाया।
टिकरापारा पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। शाहिद का शव फंदे से लटका मिला, जबकि पत्नी और तीनों बच्चों के शव जमीन पर पड़े थे।
मृतकों के मुंह से झाग निकल रहा था। कमरे से खाने-पीने का सामान और एक कीटनाशक का डिब्बा भी बरामद हुआ है।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि शाहिद ने पहले भोजन में जहर मिलाकर पत्नी और बच्चों को खिलाया और उनकी मौत के बाद खुद आत्महत्या कर ली।
हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
शाहिद मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और पुरानी बैटरियों की खरीद-बिक्री का कारोबार करता था।
पुलिस आर्थिक स्थिति, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।





