बाल सुधार गृह से चौकीदार की हत्या कर 4 लड़के फरार, परिजनों ने शव रखकर किया प्रदर्शन

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित बाल सुधार गृह में रविवार देर रात सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां चार बाल अपचारी चौकीदार की हत्या कर फरार हो गए।
आरोप है कि चारों ने पहले चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे (40) के साथ मारपीट की, फिर उनके हाथ-पैर बांधकर गला घोंट दिया और मुंह में गमछा ठूंस दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से भाग निकले। मृतक तखतपुर क्षेत्र के अरईबंद गांव के निवासी थे और पिछले करीब एक वर्ष से बाल सुधार गृह में चौकीदार के रूप में कार्यरत थे।
घटना की जानकारी मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ जांच शुरू कर दी है। फरार लड़कों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फरार लड़कों में एक की उम्र 20 वर्ष हो चुकी थी और उसे जल्द केंद्रीय जेल भेजा जाना था, जबकि अन्य हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में बाल सुधार गृह में निरुद्ध थे।
इधर, चौकीदार की मौत से नाराज परिजनों ने बाल सुधार गृह का घेराव कर शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया।
उन्होंने अधिकारियों को 12 सूत्रीय मांगपत्र सौंपते हुए परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, उचित मुआवजा, भरण-पोषण की व्यवस्था, उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
परिजनों ने सुधार गृह प्रबंधन पर सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही के आरोप भी लगाए।
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। वहीं, इस घटना ने बाल सुधार गृहों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





