धमतरी में विशेष HPV टीकाकरण सप्ताह शुरू, 14 वर्ष की बालिकाओं को मिलेगा निःशुल्क जीवनरक्षक टीका

रायपुर। धमतरी जिले में बालिकाओं को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से 13 से 18 जुलाई तक विशेष एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण सप्ताह शुरू किया गया है।
अभियान के तहत जिले की 14 वर्ष आयु की सभी पात्र बालिकाओं को स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क HPV टीका लगाया जाएगा। इसके लिए स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों और विशेष टीकाकरण स्थलों पर व्यापक तैयारियां की गई हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने बताया कि ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। वैज्ञानिक शोधों के अनुसार समय पर लगाया गया HPV टीका इस कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी और सुरक्षित उपाय है।
इससे भविष्य में कैंसर होने का जोखिम काफी हद तक कम हो जाता है। इसलिए सभी पात्र बालिकाओं का समय पर टीकाकरण आवश्यक है।
अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं।
टीकाकरण की सुविधा जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी), स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्र (एचडब्ल्यूसी), चयनित विद्यालयों और निर्धारित विशेष टीकाकरण सत्र स्थलों पर निःशुल्क उपलब्ध रहेगी।
स्वास्थ्य कर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मितानिन भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
धमतरी कलेक्टर ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न दें और अपनी 14 वर्ष की बेटियों को यह जीवनरक्षक टीका अवश्य लगवाएं।
उन्होंने कहा कि बेटियों का स्वस्थ भविष्य समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है और HPV टीका उन्हें गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करता है।
जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों से भी अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आग्रह किया है, ताकि जिले की कोई भी पात्र बालिका इस महत्वपूर्ण टीकाकरण से वंचित न रहे।





