ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राम मंदिर चंदा मामले पर विधानसभा में हंगामा, कांग्रेस के विरोध के बीच कार्यवाही मंगलवार तक स्थगित

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत सहित कांग्रेस विधायक पोस्टर लेकर सदन में पहुंचे और इस मुद्दे पर चर्चा की मांग करते हुए नारेबाजी की। कांग्रेस का आरोप था कि रामभक्तों की आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है और मामले की जांच होनी चाहिए।

संसदीय कार्य मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि यह विषय न तो राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र में आता है और न ही विधानसभा के कार्यक्षेत्र से संबंधित है। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी स्थगन प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए कहा कि मामला छत्तीसगढ़ सरकार के अधिकार क्षेत्र का नहीं है। इसके बाद विपक्ष ने जोरदार हंगामा शुरू कर दिया।

हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही पहले पांच मिनट के लिए स्थगित की गई, लेकिन दोबारा शुरू होने पर भी नारेबाजी जारी रही। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ के लोगों ने भी राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया था, लेकिन उसमें “डकैती पड़ गई”। लगातार हंगामे के कारण विधानसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही मंगलवार तक के लिए स्थगित कर दी।

इससे पहले प्रश्नकाल में भाजपा विधायक लता उसेंडी ने कोंडागांव स्थित शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में बीएड और डीएड पाठ्यक्रम शुरू नहीं होने तथा रिक्त पदों का मुद्दा उठाया। उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 प्रदेशभर में लागू है और बीएड-डीएड कॉलेजों के संचालन के लिए टास्क फोर्स बनाई गई है। उन्होंने कहा कि 13 महाविद्यालयों में इन पाठ्यक्रमों को शुरू करने की संभावना पर काम चल रहा है।

सत्र की शुरुआत पद्म विभूषण तीजन बाई को श्रद्धांजलि के साथ हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तीजन बाई ने पंडवानी गायन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की संस्कृति को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई। नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।

विधानसभा के दूसरे दिन कांग्रेस सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करेगी, जिस पर सदन में राजनीतिक बहस तेज होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button