ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में मुख्यमंत्री साय ने किया पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को नवा रायपुर स्थित भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) में आयोजित ‘चिंतन शिविर 3.0’ के दूसरे दिन ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया। इस अवसर पर मंत्रिपरिषद के सभी सदस्यों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल पौधारोपण का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और मातृत्व के सम्मान का प्रतीक है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ समाज में संवेदनशीलता और प्रकृति के प्रति अपनत्व की भावना को भी मजबूत करती है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।

सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार हरित और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए जनभागीदारी आधारित पर्यावरण संरक्षण अभियानों को लगातार बढ़ावा दे रही है। जलवायु परिवर्तन और बढ़ते पर्यावरणीय संकट को देखते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण समय की आवश्यकता है। ऐसे अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम के दौरान मंत्रियों और अधिकारियों ने भी पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक वर्ष में एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो प्रदेश में हरित क्षेत्र का तेजी से विस्तार होगा और जैव विविधता के संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

राज्य सरकार का लक्ष्य पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देना है, ताकि प्रकृति और विकास के बीच संतुलन स्थापित करते हुए हरित, समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जा सके।

Related Articles

Back to top button