रायपुर पहुंचे पर्यटन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव सुमन बिल्ला: छत्तीसगढ़ में सतत पर्यटन और रोजगार बढ़ाने पर हुआ मंथन

रायपुर। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एवं महानिदेशक पर्यटन सुमन बिल्ला के रायपुर आगमन पर छत्तीसगढ़ पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारती दासन और छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य ने रायपुर एयरपोर्ट पर उनका आत्मीय स्वागत किया। सुमन बिल्ला भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रायपुर में आयोजित दो दिवसीय मंत्रिमंडल चिंतन शिविर में पर्यटन विषय के प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल हुए।
इस दौरान सुमन बिल्ला, डॉ. भारती दासन और विवेक आचार्य के बीच छत्तीसगढ़ के पर्यटन विकास को नई दिशा देने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहर और धार्मिक स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रभावी पहचान दिलाने की रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया गया।
चर्चा में पारिस्थितिकी पर्यटन, वन्यजीव पर्यटन, जनजातीय पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन, धार्मिक और पुरातात्विक पर्यटन की संभावनाओं को योजनाबद्ध तरीके से विकसित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने माना कि पर्यटन के विस्तार से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर भी विशेष बल दिया गया।
बैठक में पर्यटन अधोसंरचना के विकास, पर्यटक सुविधाओं के विस्तार, डिजिटल प्रचार-प्रसार, होम-स्टे को बढ़ावा देने, स्थानीय हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों को पर्यटन से जोड़ने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से पर्यटन परियोजनाओं में निवेश बढ़ाने और केंद्र की योजनाओं का अधिकतम लाभ छत्तीसगढ़ को दिलाने पर सहमति बनी।
चिंतन शिविर में सुमन बिल्ला ने “सतत समृद्धि के आधार के रूप में पर्यटन : छत्तीसगढ़ में आजीविका सृजन, संस्कृति का संरक्षण और प्रकृति की सुरक्षा” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने पर्यटन को सुशासन, सतत विकास और स्थानीय आजीविका से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ देश के प्रमुख पर्यटन राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना सकता है।





