StateNewsदेश - विदेश

सेंसेक्स में 200 अंक की गिरावट: 77,800 पर कारोबार; IT और बैंकिंग शेयरों में बिकवाली

दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में बुधवार, 7 मई को उतार-चढ़ाव का माहौल देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स करीब 200 अंक टूटकर 77,800 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।

वहीं निफ्टी भी मामूली कमजोरी के साथ 24,300 के आसपास ट्रेड कर रहा है। बाजार में सबसे ज्यादा दबाव IT, बैंकिंग और FMCG सेक्टर के शेयरों में देखने को मिला।

सुबह के कारोबार में निवेशकों ने बड़े आईटी और बैंकिंग शेयरों में मुनाफावसूली की। इसी वजह से बाजार पर दबाव बना रहा। हालांकि एशियाई बाजारों से मिले मजबूत संकेतों ने गिरावट को ज्यादा बढ़ने नहीं दिया।

जापान का निक्केई इंडेक्स 5% से ज्यादा उछाल के साथ कारोबार कर रहा है, जबकि हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग और साउथ कोरिया का कोस्पी भी हरे निशान में बने हुए हैं।

अमेरिकी बाजारों में मंगलवार को शानदार तेजी देखने को मिली थी। डाउ जोंस 600 अंक से ज्यादा चढ़कर बंद हुआ, जबकि नैस्डैक और S&P 500 में भी 2% तक की मजबूती रही। इसके बावजूद घरेलू बाजार में विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली का असर देखने को मिल रहा है।

आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 7 कारोबारी दिनों में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारतीय बाजार से 6,621 करोड़ रुपए निकाले हैं।

वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने खरीदारी जारी रखते हुए बाजार को सहारा दिया है। पिछले 30 दिनों में FIIs ने 41 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की बिकवाली की है।

इससे पहले मंगलवार, 6 मई को बाजार में शानदार तेजी रही थी। सेंसेक्स 941 अंक चढ़कर 77,959 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 298 अंक की तेजी के साथ 24,331 के स्तर पर पहुंच गया था।

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले दिनों में ग्लोबल संकेतों, अमेरिकी फेडरल रिजर्व के फैसलों और विदेशी निवेशकों के रुख पर बाजार की दिशा तय होगी।

Related Articles

Back to top button