StateNewsमनोरंजन

बेटे की कब्र पर फूट-फूटकर रोईं सेलिना जेटली: बोलीं- मुझे अपने 3 बच्चों से मिलने तक नहीं दिया गया

मुंबई। सेलिना जेटली इन दिनों अपनी निजी जिंदगी के सबसे मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। तलाक और बच्चों की कस्टडी को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक्ट्रेस ऑस्ट्रिया पहुंचीं, जहां उन्होंने अपने दिवंगत बेटे शमशेर की कब्र पर जाकर भावुक वीडियो शेयर किया। वीडियो में सेलिना कब्र के पास बैठकर रोती नजर आईं।

सेलिना ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए बताया कि पिछले दो हफ्ते उनके लिए बेहद दर्दनाक रहे। उन्होंने कहा कि तलाक की सुनवाई के लिए ऑस्ट्रिया पहुंचने के बावजूद उन्हें अपने तीन बच्चों से मिलने तक नहीं दिया गया। एक्ट्रेस ने आरोप लगाया कि उनके बच्चों को उनसे दूर रखा जा रहा है और उनके खिलाफ भड़काया जा रहा है।

वीडियो में सेलिना अपने बेटे शमशेर की कब्र की सफाई और पोछा लगाती भी दिखीं। उन्होंने लिखा कि इस दौरान वह केवल अपने दिवंगत बेटे से ही “मिल” सकीं। एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने अपने परिवार और बच्चों के लिए अपना करियर, देश और निजी जिंदगी तक छोड़ दी थी, लेकिन बदले में उन्हें अपमान और मानसिक पीड़ा मिली।

सेलिना ने अपने पति पर शादी से पहले की संपत्ति छीनने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कई बार आपसी सहमति से अलग होने की कोशिश की, लेकिन हर बार अनुचित शर्तें सामने रखी गईं।

एक्ट्रेस ने यह भी कहा कि ऑस्ट्रिया की फैमिली कोर्ट के संयुक्त कस्टडी आदेश के बावजूद उन्हें बच्चों से बात तक नहीं करने दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों को मानसिक रूप से प्रभावित किया जा रहा है ताकि वे उनसे सामान्य तरीके से बात न कर सकें।

बता दें कि सेलिना जेटली ने 2010 में ऑस्ट्रियाई बिजनेसमैन पीटर हाग से शादी की थी। उनके चार बच्चे हुए थे, जिनमें से एक बेटे शमशेर की जन्म के कुछ समय बाद हार्ट कंडीशन के कारण मौत हो गई थी। फिलहाल उनके तीन बच्चे हैं। पिछले साल सितंबर में दोनों के रिश्ते में दरार की खबरें सामने आई थीं।

Related Articles

Back to top button