ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बिलासपुर में युवक की बेरहमी से हत्या: छोटे भाई को बचाने पहुंचा था, बदमाशों ने चापड़ से गला काटा

बिलासपुर। बिलासपुर में शनिवार रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। छोटे भाई को मारपीट से बचाने पहुंचे एक युवक की बदमाशों ने चापड़ से गला काटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका गुड़ी मोहल्ले की है। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अभिषेक यादव के रूप में हुई है, जो BA सेकंड ईयर का छात्र था। जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10:30 बजे उसके चचेरे भाई ओमप्रकाश यादव का कुछ युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और करीब पांच युवक ओमप्रकाश को पीटने लगे।

छोटे भाई को बचाने के लिए अभिषेक मौके पर पहुंचा, लेकिन इसी दौरान आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। एक बदमाश ने चापड़ से अभिषेक के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अभिषेक मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद ओमप्रकाश जान बचाकर भागा। आरोपी उसका पीछा करते हुए पुलिस चौकी तक पहुंच गए, जहां उसने किसी तरह शरण लेकर अपनी जान बचाई। परिजन घायल अभिषेक को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना से नाराज करीब 50 से ज्यादा लोगों ने थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 5 युवकों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपी सीपत क्षेत्र के सेलर गांव के बताए जा रहे हैं। सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस विवाद की असली वजह पता लगाने में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button