सलमान खान फायरिंग केस: बॉडीगार्ड ने कोर्ट में कहा- एक्टर को मारना चाहते थे आरोपी

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुई फायरिंग मामले में नया खुलासा हुआ है। एक्टर के पर्सनल बॉडीगार्ड ने स्पेशल कोर्ट में गवाही देते हुए कहा कि अप्रैल 2024 की यह घटना सलमान खान की हत्या की कोशिश थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मामले की सुनवाई के दौरान बॉडीगार्ड ने बताया कि 14 अप्रैल 2024 की सुबह उन्हें पटाखों जैसी आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने CCTV कैमरे में देखा तो दो हेलमेट पहने युवक बाइक पर आए और बिल्डिंग की ओर फायरिंग करने लगे। आरोपियों ने 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं और फिर मौके से फरार हो गए।
बॉडीगार्ड ने कोर्ट को बताया कि घटना के समय सलमान खान पहली मंजिल पर अपने बेडरूम में मौजूद थे। फायरिंग के तुरंत बाद सिक्योरिटी गार्ड बाहर पहुंचे, लेकिन आरोपी ‘आई लव बांद्रा’ पॉइंट की तरफ भाग निकले। कोर्ट में CCTV फुटेज भी पेश किया गया, जिसमें बाइक सवार हमलावर नजर आए।
पुलिस जांच में सामने आया कि हमले में 7.62 पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया था, जिसे बाद में सूरत की ताप्ती नदी से बरामद किया गया। मामले में आरोपी विक्की गुप्ता, सागर पाल समेत कई लोग न्यायिक हिरासत में हैं, जबकि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसका भाई अनमोल बिश्नोई अब भी वॉन्टेड हैं।
फायरिंग के बाद सलमान खान की सुरक्षा और बढ़ा दी गई थी। उन्हें Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है। गैलेक्सी अपार्टमेंट की बालकनी को बुलेटप्रूफ किया गया है और पूरे परिसर में हाई-रेजोल्यूशन कैमरे लगाए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले इलाके की रेकी भी की गई थी और इसकी जानकारी आरोपियों तक पहुंचाई गई थी। मामले की सुनवाई जारी है।





