ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राजनांदगांव बनेगा मॉडल सिटी, सीएम साय ने दी 226 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजनांदगांव को एक आधुनिक ‘मॉडल सिटी’ के रूप में विकसित करने का बड़ा संकल्प लिया।

नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास से वर्चुअल रूप से जुड़कर उन्होंने शहर के लिए 226 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि ये कार्य राजनांदगांव के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखेंगे।

संस्कारधानी को मिलेगा 2 हजार सीटर अत्याधुनिक ऑडिटोरियम

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राजनांदगांव की कला और साहित्य परंपरा को सहेजने के लिए शहर में 2 हजार सीटर अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा। यह ऑडिटोरियम स्थानीय कलाकारों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बड़ा मंच प्रदान करेगा और शहर की नई पहचान बनेगा।

अमृत मिशन 2.0 और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट

शहर के पर्यावरण और नागरिकों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अमृत मिशन 2.0 के तहत दो नए प्लांट लगाए जाएंगे, जिससे घरेलू अपशिष्ट जल का वैज्ञानिक उपचार होगा और नदियों का प्रदूषण रुकेगा। कचरा प्रबंधन के लिए नए संयंत्र स्थापित किए जाएंगे ताकि राजनांदगांव देश के अग्रणी स्वच्छ शहरों में शुमार हो सके।

बजट में 1000 करोड़ का प्रावधान

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि संकल्प बजट 2026-27 में राजनांदगांव जिले के लिए 1000 करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है।

नदी के संरक्षण और सौंदर्यीकरण के लिए 250 करोड़ की योजनाएं स्वीकृत हैं। हॉकी स्टेडियम में टर्फ के लिए 8.80 करोड़ और दिग्विजय स्टेडियम के लिए 6 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इसके साथ ही शहर के सभी 51 वार्डों में सड़कों का चौड़ीकरण, ट्रांसपोर्ट नगर का उन्नयन और पाइपलाइन विस्तार जैसे कार्य किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि डॉ. रमन सिंह के मार्गदर्शन में राजनांदगांव छत्तीसगढ़ के विकास का एक उत्कृष्ट मॉडल बनेगा।

Related Articles

Back to top button