ओमान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से अलंकृत हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, CM साय ने दी बधाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ओमान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान “द फर्स्ट क्लास ऑफ़ द ऑर्डर ऑफ़ ओमान” से अलंकृत किए जाने पर हार्दिक बधाई दी।
उन्होंने कहा कि यह सम्मान न केवल प्रधानमंत्री जी के दूरदर्शी नेतृत्व और वैश्विक प्रभाव को मान्यता देता है, बल्कि भारत की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा और विश्व समुदाय में बढ़ती स्वीकार्यता का प्रतीक भी है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह 29वाँ अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की उपलब्धियों और वैश्विक मंच पर प्रभावशाली स्थिति का सशक्त प्रमाण है। उनके मार्गदर्शन में भारत आज आर्थिक, तकनीकी, सामरिक और कूटनीतिक दृष्टि से सशक्त राष्ट्र बन चुका है। इस सम्मान से यह स्पष्ट होता है कि विश्व समुदाय में भारत की आवाज़ और भूमिका निर्णायक और प्रभावशाली है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी केवल भारत के लिए ही नहीं, बल्कि वैश्विक शांति, स्थिरता और सहयोग के क्षेत्र में भी निर्णायक नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं। यह गौरवपूर्ण क्षण प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्पद है और देश की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊँचाई प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को इस अद्वितीय सम्मान के लिए पुनः बधाई देते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में भारत भविष्य में नई ऊँचाइयों को छूता रहेगा और विश्व स्तर पर प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाए रखेगा।





