आवास मेला-2025 के लक्की ड्रॉ विजेताओं की घोषणा 22 जून को, कार समेत कई आकर्षक उपहार जीतने का मौका

रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा आयोजित आवास मेला-2025 के तहत संपत्ति खरीदने वाले हितग्राहियों के लिए खुशखबरी है। मंडल ने लक्की ड्रॉ के विजेताओं की घोषणा 22 जून 2026 को करने का निर्णय लिया है।
इस ड्रॉ में पात्र हितग्राहियों को मारुति स्विफ्ट कार, होंडा शाइन मोटरसाइकिल, एक्टिवा स्कूटी, रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन और टेलीविजन सहित कई आकर्षक उपहार जीतने का अवसर मिलेगा।
गृह निर्माण मंडल ने वर्ष 2025-26 के दौरान आवासीय और व्यावसायिक संपत्तियों की बिक्री में नया रिकॉर्ड बनाया है।
अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच मंडल ने करीब 5,145 संपत्तियों का विक्रय किया, जिनकी कुल कीमत 1,104 करोड़ रुपए से अधिक रही। यह मंडल के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा वार्षिक विक्रय माना जा रहा है।
इस उपलब्धि में शासन की वन टाइम सेटलमेंट (OTS-2) योजना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। योजना के तहत हितग्राहियों को 30 प्रतिशत तक की छूट दी गई, जिससे 1,533 संपत्तियों का विक्रय हुआ।
इसके माध्यम से करीब 232.30 करोड़ रुपए मूल्य की संपत्तियां बेची गईं और बड़ी संख्या में मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों को लाभ मिला।
गौरतलब है कि नवंबर 2025 में रायपुर के बीटीआई ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय आवास मेला-2025 को नागरिकों का व्यापक समर्थन मिला था।
मेले के दौरान प्रदेश के 26 जिलों में लगभग 2,080 करोड़ रुपए लागत की 56 नई आवासीय योजनाओं की शुरुआत की गई थी। वहीं करीब 305 करोड़ रुपए मूल्य की संपत्तियों का विक्रय भी हुआ था।
22 जून को दोपहर 3 बजे नवा रायपुर स्थित गृह निर्माण मंडल मुख्यालय में लॉटरी पद्धति से लक्की ड्रॉ निकाला जाएगा। पात्र हितग्राही स्वयं उपस्थित होकर पूरी प्रक्रिया का अवलोकन कर सकेंगे। मंडल ने सभी पात्र आबंटियों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।





