ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री से योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल की मुलाकात

रायपुर। छत्तीसगढ़ योग आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई देते हुए सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का भी प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में योग की उपयोगिता और भी बढ़ गई है तथा इसे समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को योग से जोड़ने के लिए नवाचार आधारित कार्यक्रम तैयार करने की आवश्यकता बताई। उनका कहना था कि नियमित योग अभ्यास लोगों को स्वस्थ और तनावमुक्त जीवन जीने में मदद करता है।

मुलाकात के दौरान प्रदेश में योग गतिविधियों के विस्तार, योग प्रशिक्षण कार्यक्रमों, जनभागीदारी बढ़ाने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। साथ ही राज्य में योग संबंधी आयोजनों और जागरूकता कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि संजय अग्रवाल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ योग आयोग प्रदेश में योग के प्रचार-प्रसार को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि आयोग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और लोगों को योग के प्रति जागरूक करने के प्रयासों को और गति मिलेगी।

संजय अग्रवाल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे योग को जनआंदोलन बनाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। इससे प्रदेश में स्वास्थ्य जागरूकता और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Back to top button