ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

टीबी मुक्त भारत अभियान पर जेपी नड्डा की राज्यों से चर्चा: छत्तीसगढ़ ने बताई उपलब्धियां, कई गांव हुए टीबी मुक्त

रायपुर। टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए केंद्र और राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों और मुख्य सचिवों के साथ टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में छत्तीसगढ़ की ओर से स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और मुख्य सचिव विकासशील शामिल हुए। इस दौरान राज्य में टीबी उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे अभियानों और उपलब्धियों की जानकारी साझा की गई।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि छत्तीसगढ़ में टीबी नियंत्रण के लिए लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं और राज्य के कई गांव तथा ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं, स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता और जनसहभागिता के कारण टीबी मरीजों की पहचान और उपचार में तेजी आई है।

वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि टीबी मुक्त भारत केवल स्वास्थ्य विभाग का अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा राष्ट्रीय मिशन है।

केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से देश को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य समय पर हासिल किया जा सकेगा।

नड्डा ने राज्यों को टीबी मरीजों की शीघ्र पहचान, नियमित उपचार, हाई रिस्क क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान और जरूरतमंदों तक त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, सभी राज्यों के स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि और मुख्य सचिव भी शामिल हुए। टीबी उन्मूलन के लिए राज्यों के अनुभवों और रणनीतियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

Related Articles

Back to top button