मुख्यमंत्री ने पैर पखारकर किया सम्मान, स्वच्छता दीदियों बोली जीवन में पहली बार मिला इतना सम्मान

रायपुर। बिलासपुर के बहतराई स्टेडियम में एक अनूठा और भावुक दृश्य देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्वच्छ सर्वेक्षण-2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगरीय निकायों की स्वच्छता दीदियों के पैर पखारकर सम्मानित किया। इस पल को देख हजारों लोग भावुक हो उठे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता दीदियां और स्वच्छता कमांडोज़ केवल सफाई नहीं करते, बल्कि समाज में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाने के लिए एक जन-आंदोलन चला रहे हैं। यह सम्मान उनके कठिन परिश्रम और समर्पण की पहचान है, जो समाज में साफ-सफाई के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाने में मदद करेगा।
विश्रामपुर की पुनीता बाई और कुम्हारी की रानू देवांगन ने कहा कि अक्सर सफाई कार्य को हेय दृष्टि से देखा जाता है, लेकिन मुख्यमंत्री द्वारा पैर पखारकर किया गया यह सम्मान उनके जीवन का सबसे गर्वपूर्ण क्षण है। यह उनके निष्ठा और मेहनत का सच्चा पुरस्कार है, जिससे नगरीय निकायों को भी सर्वेक्षण में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त हुआ।
बिल्हा की पूजा राठौर और दंतेवाड़ा की वसु राज ने बताया कि वे आठ वर्षों से इस कार्य में जुटी हैं, लेकिन आज पहली बार इतना सम्मान और गर्व महसूस हुआ। वहीं शारदा सोनी और किरण सिंह ने भी इस सम्मान के लिए मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री का आत्मीय आभार व्यक्त किया।