राजधानी की दहलीज पर मानसून, यूपी-राजस्थान में बारिश शुरू; कई राज्यों में IMD अलर्ट जारी

दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है और अब यह दिल्ली की दहलीज पर पहुंच चुका है। भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 1-2 दिनों में मानसून दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में दस्तक दे सकता है। आमतौर पर दिल्ली में मानसून 26-27 जून के आसपास आता है, लेकिन इस बार इसके पहले ही पहुंचने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में मानसूनी वर्षा की शुरुआत हो चुकी है। वहीं बिहार, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड और हिमाचल के कुछ इलाकों में भी मानसून सक्रिय है। अब पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर की बारी है।
IMD ने अगले एक सप्ताह तक उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी यूपी और पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही इन राज्यों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है।
राजस्थान के कुछ हिस्सों में अभी तापमान सामान्य से ऊपर है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले दो दिनों में बारिश से गर्मी से राहत मिलेगी।
इसके अलावा, मुंबई, कर्नाटक और महाराष्ट्र के तटीय जिलों में लगातार हो रही बारिश से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। IMD ने जम्मू-कश्मीर में भी 21 से 26 जून तक बारिश का पूर्वानुमान जताया है। देशभर में मानसून की सक्रियता ने किसानों और आम लोगों को बड़ी राहत दी है।