ChhattisgarhStateNews

राज्य के नगरीय निकायों को 103 करोड़ रुपए की निधि जारी, विकास कार्य होंगे तेज

रायपुर। राज्य सरकार ने शहरी विकास को गति देने के लिए नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को कुल 103 करोड़ रुपए की राशि जारी की है। यह राशि महापौर निधि, अध्यक्ष निधि और पार्षद निधि के रूप में दी गई है।

उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की मंजूरी के बाद यह राशि जारी की गई। उन्होंने निर्देश दिया कि इस राशि का सही उपयोग कर शहरों में जरूरी विकास कार्य जल्द पूरे किए जाएं, ताकि जनता को इसका लाभ मिल सके। इस वर्ष 2025-26 के लिए पहले चरण में महापौर और अध्यक्ष निधि की 50% राशि के रूप में 30 करोड़ 63 लाख 75 हजार रुपए दिए गए हैं। इसके अलावा पार्षद निधि के रूप में 72 करोड़ 33 लाख 75 हजार रुपए जारी किए गए हैं।

विभाग ने बताया कि महापौर निधि के तहत नगर निगमों को 10 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपए मिले हैं। अध्यक्ष निधि के तहत नगर पालिकाओं को 10 करोड़ 50 लाख और नगर पंचायतों को 10 करोड़ एक लाख 25 हजार रुपए दिए गए हैं। पार्षद निधि के रूप में नगर निगमों को 21 करोड़ 96 लाख, नगर पालिकाओं को 23 करोड़ 37 लाख 75 हजार और नगर पंचायतों को 27 करोड़ रुपए मिले हैं। सरकार का उद्देश्य है कि इन निधियों से सड़क, पानी, साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट जैसे बुनियादी कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, जिससे शहरी जीवन और बेहतर हो सके।

Related Articles

Back to top button