ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

भिलाई नगर में पीलिया के 37 मरीज, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट; घर-घर सर्वे और सैंपलिंग जारी

दुर्ग। दुर्ग जिले के भिलाई नगर क्षेत्र में पीलिया के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। वार्ड-67, सेक्टर-7, स्ट्रीट-37ए में अब तक कुल 37 पीलिया मरीजों की पहचान की जा चुकी है। 14 अप्रैल को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी के निर्देशन में स्वास्थ्य टीम ने प्रभावित इलाके का दौरा कर हालात का जायजा लिया।

जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. सी.बी.एस. बंजारे के मार्गदर्शन में सिविल अस्पताल सुपेला के प्रभारी डॉ. पियाम सिंह, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट रितिका सोनवानी और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने स्थानीय मितानिनों के साथ मिलकर क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध मरीजों के ब्लड सैंपल लिए गए। मंगलवार को एक नए मरीज की पहचान हुई, जबकि एक पुराने मरीज को डिस्चार्ज किया गया है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्तमान में तीन मरीज श्री शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस भिलाई में और एक मरीज पल्स हॉस्पिटल भिलाई-1 में भर्ती है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन सतर्कता बरती जा रही है।

प्रभावित क्षेत्र में करीब 80 घरों का सर्वे किया गया है। नगर निगम द्वारा पानी की सप्लाई की जा रही है, वहीं पाइपलाइन को बदलने का काम भी शुरू कर दिया गया है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए लोगों की जांच और इलाज किया जा रहा है। 13 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि पीलिया दूषित पानी और भोजन से फैलने वाला संक्रामक रोग है, जो वायरस के संक्रमण से होता है। इसके लक्षण 15 से 50 दिनों में सामने आते हैं। प्रमुख लक्षणों में भूख न लगना, उल्टी, पीले रंग का पेशाब, आंखों और त्वचा का पीला होना शामिल है।

Related Articles

Back to top button