बालेंद्र शाह जल्द करेंगे भारत दौरा, रिश्तों को रीसेट करने की कोशिश

नई दिल्ली/काठमांडू। नेपाल के नए प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह जल्द ही भारत दौरे पर आ सकते हैं। हालांकि उनकी यात्रा की तारीखों का औपचारिक ऐलान अभी नहीं हुआ है, लेकिन इसे भारत-नेपाल संबंधों को नए सिरे से मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी ने उन्हें भारत आने का औपचारिक न्योता भेजा था, जिसे शाह ने स्वीकार कर लिया है। इस बात की पुष्टि नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल ने की है। परंपरा के अनुसार, नेपाल के नए प्रधानमंत्री का पहला विदेश दौरा अक्सर भारत का ही होता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि शाह का रुख अपने पूर्ववर्ती केपी शर्मा ओली के मुकाबले ज्यादा संतुलित और न्यूट्रल है। ओली सरकार के दौरान भारत-नेपाल संबंधों में तनाव देखा गया था, खासकर सीमा विवाद और राजनीतिक बयानों को लेकर।
सूत्रों के अनुसार, शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर दोनों देशों के अधिकारी तकनीकी और कूटनीतिक स्तर पर तैयारियों में जुटे हैं, ताकि यह यात्रा केवल औपचारिक न रहकर ठोस परिणाम देने वाली साबित हो।
गौरतलब है कि ओली शासनकाल में नेपाल द्वारा नया राजनीतिक नक्शा जारी करने और कुछ विवादित बयानों के चलते द्विपक्षीय रिश्तों में खटास आई थी। ऐसे में अब सत्ता परिवर्तन के बाद शाह के पास संबंधों को सुधारने का महत्वपूर्ण अवसर है।
विशेषज्ञ मानते हैं कि इस दौरे के जरिए व्यापार, कनेक्टिविटी और रणनीतिक सहयोग जैसे मुद्दों पर नई पहल हो सकती है, जिससे दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा मिलेगी।



