StateNewsदेश - विदेश

तमिलनाडु में किसानों को बड़ी राहत, ₹50 हजार तक का फसल लोन माफ

14.22 लाख किसानों को मिलेगा फायदा, सरकार पर ₹2044 करोड़ का अतिरिक्त भार

दिल्ली। तमिलनाडु सरकार ने छोटे किसानों को बड़ी राहत देते हुए कोऑपरेटिव बैंकों से लिए गए फसल ऋण माफ करने का ऐलान किया है।

मुख्यमंत्री विजय की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के बाद सरकार ने यह फैसला लिया। योजना के तहत छोटे किसानों का 50 हजार रुपए तक का फसल लोन पूरी तरह माफ किया जाएगा।

सरकार के मुताबिक इस फैसले से राज्य के करीब 14.22 लाख किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। वहीं इस योजना के कारण राज्य सरकार पर 2,044 करोड़ रुपए से ज्यादा का अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा।

सरकार ने सिर्फ छोटे किसानों ही नहीं, बल्कि ज्यादा कर्ज लेने वाले किसानों को भी राहत देने की घोषणा की है। नई व्यवस्था के तहत 60 हजार रुपए तक के लोन पर 40 हजार रुपए की छूट मिलेगी। 70 हजार रुपए तक के ऋण पर 30 हजार रुपए, 80 हजार रुपए तक के कर्ज पर 20 हजार रुपए और 1 लाख रुपए तक के लोन पर 10 हजार रुपए की राहत दी जाएगी।

इसके अलावा जिन किसानों ने 1 लाख रुपए से ज्यादा का कर्ज लिया है, उन्हें भी 5 हजार रुपए तक की छूट देने का फैसला किया गया है। सरकार का कहना है कि यह कदम किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और कृषि क्षेत्र को राहत देने के उद्देश्य से उठाया गया है।

तमिलनाडु में पिछले कुछ समय से किसानों पर बढ़ते कर्ज और खेती की लागत को लेकर लगातार मांग उठ रही थी। ऐसे में सरकार का यह फैसला किसानों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक इस फैसले से ग्रामीण इलाकों में सरकार को मजबूत समर्थन मिलने की उम्मीद भी जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button