ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर सेंट्रल जेल में मुलाकात व्यवस्था बदली,सुरक्षा कारणों से कुछ सामान अब सिर्फ जेल कैंटीन से मिलेगा

रायपुर। केंद्रीय जेल रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए बंदियों से मुलाकात के नियमों में अस्थायी बदलाव किया गया है।

जेल प्रशासन ने बताया कि पिछले महीने कुछ परिजनों ने दैनिक उपयोग की वस्तुओं में प्रतिबंधित सामग्री छिपाकर जेल के भीतर पहुंचाने का प्रयास किया था।

हालांकि, सघन तलाशी और सतर्क सुरक्षा व्यवस्था के चलते सभी प्रयास विफल कर दिए गए और प्रतिबंधित सामग्री जब्त कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

जेल अधीक्षक के अनुसार, सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए बंदियों के दैनिक उपयोग की कुछ चयनित वस्तुएं अब जेल कैंटीन के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएंगी। वहीं, अन्य सभी स्वीकृत सामग्री पहले की तरह नियमानुसार बंदियों के परिजन उपलब्ध करा सकेंगे।

जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह व्यवस्था पूरी तरह अस्थायी है। इसका उद्देश्य केवल प्रतिबंधित वस्तुओं की जेल में संभावित एंट्री रोकना और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाना है।

प्रशासन का कहना है कि जेल कैंटीन में उपलब्ध कराई जा रही सभी सामग्री गुणवत्तापूर्ण होगी और उनकी कीमत सामान्य बाजार दर से कम रखी गई है, ताकि बंदियों के परिजनों पर किसी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

Related Articles

Back to top button