कटघोरा में अटल प्रतिमा विवाद: मानकों पर खरी नहीं उतरी कांस्य मूर्ति, उप अभियंता निलंबित

रायपुर। कोरबा जिले के कटघोरा नगर पालिका स्थित अटल परिसर में स्थापित भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कांस्य प्रतिमा में अनियमितता पाए जाने पर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
विभाग ने निर्माण कार्य में लापरवाही और मानकों के उल्लंघन का दोषी पाए जाने पर उप अभियंता चन्द्र प्रकाश जायसवाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में संचालनालय ने शुक्रवार को निलंबन आदेश जारी किया।
विभाग के अनुसार, अटल परिसर में स्थापित प्रतिमा को लेकर मिली शिकायतों की जांच नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के बिलासपुर क्षेत्रीय कार्यालय के संयुक्त संचालक से कराई गई थी।
जांच प्रतिवेदन में सामने आया कि प्रतिमा का निर्माण स्वीकृत प्राक्कलन और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं किया गया। प्रतिमा के विभिन्न हिस्सों से परत उखड़ने, लगातार क्षतिग्रस्त होने और कांस्य प्रतिमा की गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरने जैसी गंभीर खामियां पाई गईं।
जांच में निर्माण प्रक्रिया के दौरान उप अभियंता चन्द्र प्रकाश जायसवाल की भूमिका को अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार माना गया। विभाग ने इसे पदीय दायित्वों के विपरीत आचरण मानते हुए उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की है।
आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि में उप अभियंता का मुख्यालय संयुक्त संचालक, क्षेत्रीय कार्यालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास, दुर्ग निर्धारित किया गया है। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
गौरतलब है कि अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बाद यह कार्रवाई की गई है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि मामले में आगे भी जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच जारी रहेगी।





