ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

ई-रिक्शा में बैठकर स्पीकर हाउस पहुंचे डॉ. रमन सिंह: बोले- महिलाएं आत्मनिर्भरता की नई पहचान बन रही हैं

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने शुक्रवार को राजनांदगांव के पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित श्रमिक सम्मेलन में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के बाद उन्होंने नया ढाबा की हितग्राही एवं ई-रिक्शा चालक सरिता वर्मा के ई-रिक्शा में बैठकर स्पीकर हाउस के लिए रवाना होकर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी और सुमीत उपाध्याय भी उनके साथ मौजूद रहे।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले जहां महिलाएं सीमित दायरे में काम करती थीं, वहीं अब वे साइकिल, मोटरसाइकिल, कार और ई-रिक्शा चलाने से लेकर पायलट बनकर विमान तक उड़ा रही हैं। शिक्षा, रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है।

उन्होंने ई-रिक्शा चालक सरिता वर्मा का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं और अपने परिवार की जिम्मेदारियों को भी बेहतर ढंग से निभा रही हैं।

श्रमिक सम्मेलन के दौरान कई महिला हितग्राहियों ने शासन की योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलाव के अनुभव साझा किए। डॉ. रमन सिंह ने एक अन्य ई-रिक्शा चालक उषा साहू से भी बातचीत की और उन्हें 10वीं के बाद भी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

उषा साहू के पति भावेश साहू ने बताया कि उन्होंने ही अपनी पत्नी को ई-रिक्शा चलाना सिखाया। अब परिवार की आय बढ़ी है और बचत भी हो रही है। सम्मेलन में महिला आत्मनिर्भरता और श्रमिक कल्याण योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव की झलक देखने को मिली।

Related Articles

Back to top button