ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

5 लाख टन चावल उठाव के लिए केंद्र से मदद मांगी: CM साय

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ से 5 लाख मीट्रिक टन चावल के शीघ्र उठाव और पर्याप्त रेलवे रैक उपलब्ध कराने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि समय पर चावल का परिवहन होने से गोदामों में नई फसल के लिए पर्याप्त जगह बनेगी और किसानों से धान खरीदी की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संचालित हो सकेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए छत्तीसगढ़ को केंद्रीय पूल में 73 लाख टन चावल उपलब्ध कराने का लक्ष्य मिला है। इस लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए रेलवे रैक की उपलब्धता बेहद जरूरी है।

उन्होंने केंद्र सरकार से हर महीने कम से कम 250 रेलवे रैक उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि चावल का उठाव निर्धारित समय पर हो सके।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यदि नियमित रूप से पर्याप्त रैक मिलते हैं तो न केवल परिवहन व्यवस्था तेज होगी, बल्कि भंडारण क्षमता का बेहतर उपयोग भी हो सकेगा।

इससे आगामी धान खरीदी सीजन के दौरान किसी तरह की दिक्कत नहीं आएगी और किसानों को अपनी उपज बेचने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मुख्यमंत्री की मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेलवे रैक उपलब्ध कराने के संबंध में उचित कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी मौजूद रहे। राज्य सरकार को उम्मीद है कि केंद्र के सहयोग से चावल के उठाव में तेजी आएगी और धान खरीदी व्यवस्था पहले से अधिक प्रभावी एवं सुचारु हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button