Uncategorizedदेश - विदेश

बेलफास्ट में चाकूबाजी के बाद भड़की हिंसा, ब्रिटेन-आयरलैंड में अप्रवासी विरोधी प्रदर्शन तेज

बेलफास्ट। उत्तरी आयरलैंड की राजधानी बेलफास्ट में एक चाकूबाजी की घटना के बाद अप्रवासियों के खिलाफ हिंसक प्रदर्शन भड़क उठे हैं। घटना में एक स्थानीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद विरोध प्रदर्शन कई इलाकों में दंगों का रूप ले गया। प्रदर्शनकारियों ने घरों, वाहनों और दुकानों को निशाना बनाया, जबकि कई स्थानों पर आगजनी और पुलिस के साथ झड़प की घटनाएं सामने आई हैं।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पुलिस ने सूडान मूल के एक शरणार्थी हादी अलोदिद को हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों में आक्रोश फैल गया और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। बेलफास्ट के कई इलाकों में नकाबपोश भीड़ ने सड़कों पर उतरकर हिंसक प्रदर्शन किए, जिससे कई परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े।

इस बीच अमेरिकी उद्योगपति इलॉन मस्क द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट भी चर्चा में हैं। कुछ रिपोर्टों के अनुसार मस्क ने प्रदर्शनों के समर्थन में टिप्पणियां और पोस्ट साझा किए, जिसके बाद ब्रिटेन में राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। कई नेताओं ने उन पर तनाव बढ़ाने के आरोप लगाए हैं, जबकि मस्क ने इसके लिए आव्रजन नीतियों को जिम्मेदार ठहराया है।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केर स्टारमर ने हिंसा की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं नियामक संस्था ऑफकॉम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को चेतावनी दी है कि हिंसा और नफरत फैलाने वाली सामग्री पर तुरंत कार्रवाई करें। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और शांति बहाल करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Related Articles

Back to top button