मानसून 7 दिनों से एक ही जगह ठहरा, 22 राज्यों में बारिश का अलर्ट; यूपी-बिहार में आंधी-तूफान का असर

दिल्ली। देशभर में मानसून की रफ्तार फिलहाल थमी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून पिछले सात दिनों से तमिलनाडु के चेन्नई, महाराष्ट्र के हरनाई और पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी क्षेत्र में लगभग स्थिर बना हुआ है। हालांकि अगले तीन दिनों में इसके तेजी से आगे बढ़ने की संभावना जताई गई है। अनुमान है कि मानसून जल्द ही महाराष्ट्र, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के शेष हिस्सों को कवर कर लेगा।
मानसून की धीमी प्रगति के बावजूद देश के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, दिल्ली और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिला। बिहार के पटना, बक्सर और सुपौल समेत कई जिलों में सुबह आंधी और बारिश के कारण दिन में अंधेरा छा गया। वहीं उत्तर प्रदेश में तेज तूफान और आंधी से तीन लोगों की मौत हो गई। चित्रकूट में 4.5 करोड़ रुपये की लागत से बने ऑडिटोरियम की छत भी उड़ गई।
मौसम विभाग ने आज देश के 22 राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इनमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और गोवा शामिल हैं।
बारिश के बावजूद कई राज्यों में गर्मी का प्रकोप बना हुआ है। पंजाब के बठिंडा में देश का सबसे अधिक तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के श्रीगंगानगर में 45.9, उत्तर प्रदेश के बांदा में 45.4 और मध्य प्रदेश के खजुराहो में 45 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक उत्तर भारत और पूर्वी राज्यों में आंधी, बारिश तथा कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई है। वहीं छत्तीसगढ़ में अगले तीन से चार दिनों में मानसून की एंट्री होने के संकेत हैं।





