ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

टीएस सिंहदेव ने भाजपा विधायक रेणुका सिंह के रावण बयान का किया समर्थन

सरगुजा। भाजपा विधायक रेणुका सिंह के विवादित बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। सोनहत में रावण दहन कार्यक्रम के दौरान मंच से लोगों को संबोधित करते हुए विधायक रेणुका सिंह ने कहा था कि सरकार में भी रावण है। उनके इस बयान को पूर्व डिप्टी सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता टीएस सिंहदेव ने समर्थन दिया है।

टीएस सिंहदेव ने कहा कि रेणुका सिंह जिस बात को कह रही हैं, वह पूरी तरह से सही है। उन्होंने बताया कि अच्छाई और बुराई हर व्यक्ति में मौजूद रहती है। समय के साथ प्रभु राम और रावण का जो काल था, वह समाप्त हो चुका है। अब हमारे अंदर की अच्छाई और बुराई ही प्रासंगिक है, जिसमें लगातार संघर्ष बना रहता है।

सिंहदेव ने आगे कहा कि हर व्यक्ति अपने भीतर के बुराई पर काबू पाने और अच्छाई को आगे बढ़ाने का प्रयास करता है। इसी संदर्भ में रेणुका सिंह ने जो कहा, वह पूरी तरह से सटीक है। गुण और अवगुण हर जगह विद्यमान हैं, चाहे वह शासन की व्यवस्था हो या समाज का ढांचा।

पूर्व डिप्टी सीएम ने बताया कि रेणुका सिंह ने अपने बयान में व्यापक दृष्टिकोण अपनाया है। उन्होंने केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था पर आरोप नहीं लगाया, बल्कि यह बात की कि हर व्यक्ति में अच्छाई और बुराई का संघर्ष रहता है। सिंहदेव का कहना है कि इस परिपेक्ष में रेणुका सिंह का दृष्टिकोण विचारशील और संतुलित है। इस बयान के बाद राजनीतिक दलों में प्रतिक्रियाओं का सिलसिला जारी है, लेकिन टीएस सिंहदेव ने इसे सकारात्मक नजरिए से देखा और कहा कि यह हमें हमारे अंदर के गुण और अवगुण को समझने और सुधारने का अवसर देता है।

Related Articles

Back to top button