ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एकदिवसीय रायपुर दौरे पर पहुंचे, जैन समाज के आचार्य पदारोहण कार्यक्रम में होंगे शामिल

रायपुर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला रविवार को एकदिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर उनका स्वागत केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और मंत्री केदार कश्यप ने किया। स्वागत के बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एयरपोर्ट से सीधे लोकभवन के लिए रवाना हो गए।

लोकसभा अध्यक्ष के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। उनके पूरे कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ओम बिरला सुबह 10:30 बजे रायपुर के बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम पहुंचेंगे। यहां वे जैन समाज द्वारा आयोजित आचार्य पदारोहण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में जैन समाज के संतों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है।

कार्यक्रम में शामिल होने के बाद लोकसभा अध्यक्ष सुबह 11:55 बजे इंडोर स्टेडियम से रवाना होकर दोपहर 12 बजे वापस लोकभवन पहुंचेंगे। इसके बाद वे कुछ समय लोकभवन में रुकेंगे।

दौरे के अगले चरण में ओम बिरला शाम 4 बजे शांतिनगर स्थित एक स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे शाम करीब 4:50 बजे दोबारा लोकभवन पहुंचेंगे।

इसके बाद लोकसभा अध्यक्ष शाम 5:55 बजे रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। निर्धारित समय के अनुसार वे शाम 6:40 बजे रायपुर से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।

लोकसभा अध्यक्ष के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों में भी उत्साह देखा जा रहा है। उनके आगमन को देखते हुए एयरपोर्ट, लोकभवन और कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है।

Related Articles

Back to top button