ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से की सौजन्य भेंट, बस्तर दशहरा की कॉफी टेबल बुक की भेंट

रायपुर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच राज्य के विकास, सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने लोकसभा अध्यक्ष के छत्तीसगढ़ आगमन पर उनका आत्मीय स्वागत करते हुए शॉल और स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर आधारित विशेष कॉफी टेबल बुक भी ओम बिरला को भेंट की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ओम बिरला ने लोकतांत्रिक परंपराओं को सशक्त बनाने, संसदीय मर्यादाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और जनप्रतिनिधियों की भूमिका को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उनका नेतृत्व लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूती प्रदान करने में प्रेरणास्रोत रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि उनके मार्गदर्शन में लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत होंगी तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी संवाद और निर्णय की परंपरा आगे बढ़ेगी।

सौजन्य मुलाकात के दौरान राज्य में विकास कार्यों की गति, सुशासन को मजबूत करने के प्रयास, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण जैसे विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में रमन सिंह, तोखन साहू, केदार कश्यप तथा बृजमोहन अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

Related Articles

Back to top button