ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

धीमे निर्माण कार्यों पर पीडब्ल्यूडी सचिव सख्त: ठेकेदारों को नोटिस और ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश

रायपुर। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के दौरे के दौरान निर्माण कार्यों की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपेक्षित प्रगति नहीं दिखाने वाले ठेकेदारों को नोटिस जारी करने और जरूरत पड़ने पर उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश भी दिए।

बलरामपुर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी, वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेई, लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, सेतु निर्माण, सड़क एवं भवन निर्माण तथा विद्युत एवं यांत्रिकी से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

सचिव बंसल ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और ठेकेदारों के साथ समन्वय बनाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बलरामपुर-रामानुजगंज-सनावल, कामेश्वरनगर, कपिलदेवपुर, गणेशमोड़, जनकपुर, रमेशपुर-शंकरपुर, चंपा-बाद और कुसमी-कोरंधा मार्ग सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही शासकीय महाविद्यालय भवन और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया।

बैठक के बाद उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-343 और कंठीघाट में निर्माणाधीन सड़क कार्यों का निरीक्षण भी किया। इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बारिश शुरू होने से पहले नाली निर्माण और जल निकासी से जुड़े सभी अधूरे कार्य पूरे कर लिए जाएं, ताकि आवागमन प्रभावित न हो।

पीडब्ल्यूडी सचिव ने कहा कि सड़क और पुल निर्माण में गुणवत्ता के साथ सड़क सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को जवाबदेही के साथ काम करने और हर परियोजना में गुणवत्ता तथा समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button