StateNewsदेश - विदेश

केरल के पूर्व CM विजयन की बेटी वीणा से ED की लंबी पूछताछ: CMRL-एक्सालॉजिक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में 8 घंटे तक सवाल-जवाब

कोच्चि। केरल के चर्चित CMRL-एक्सालॉजिक मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच तेज कर दी है। केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की बेटी और आईटी कंपनी Exalogic Solutions की संस्थापक वीणा टी. विजयन बुधवार को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए कोच्चि स्थित ED कार्यालय पहुंचीं।

वीणा सुबह करीब 10:30 बजे जांच एजेंसी के कार्यालय पहुंचीं और लगभग 8 घंटे की पूछताछ के बाद रात करीब 8 बजे बाहर निकलीं। ED ने उनसे उनकी बंद हो चुकी कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस के वित्तीय लेन-देन, दस्तावेजों और कथित संदिग्ध भुगतान से जुड़े सवाल पूछे।

यह मामला Cochin Minerals and Rutile Limited (CMRL) और एक्सालॉजिक के बीच हुए कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़ा है। ED का आरोप है कि CMRL ने बिना किसी स्पष्ट सेवा के एक्सालॉजिक को करीब 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया था। एजेंसी इस बात की जांच कर रही है कि इन लेन-देन के पीछे कोई अवैध आर्थिक गतिविधि तो नहीं थी।

स्वास्थ्य कारणों से पहले नहीं हो पाई थी पेशी

ED ने वीणा विजयन को पहले 12 जून को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उस समय पेश होने में असमर्थता जताई थी। इसके बाद बुधवार को वह कोच्चि कार्यालय पहुंचीं।

जांच एजेंसी ने उन्हें एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस के बैंक रिकॉर्ड, वित्तीय दस्तावेज और कंपनी से जुड़े अन्य कागजात के साथ आने को कहा था।

CMRL अधिकारियों से भी हो चुकी है पूछताछ

मामले में ED ने CMRL के प्रबंधन से जुड़े कई लोगों से भी पूछताछ की है। कंपनी के संस्थापक ससिधरन कार्था की पत्नी और बेटे से 15 जून को सवाल-जवाब किए गए थे। इससे पहले उनकी बेटी शिबी कार्था से भी पूछताछ की गई थी।

ED के अनुसार, CMRL के प्रबंध निदेशक ससिधरन कार्था से जुड़ी एक अन्य कंपनी Empower India Capital Investments Private Limited (EICPL) ने भी एक्सालॉजिक को 50 लाख रुपये का ऋण दिया था। एजेंसी इस लेन-देन की भी जांच कर रही है।

PMLA के तहत दर्ज है मामला

ED ने अप्रैल 2025 में धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत मामला दर्ज किया था। यह कार्रवाई एर्नाकुलम की अदालत में दाखिल अभियोजन शिकायत के आधार पर शुरू की गई थी।

फिलहाल जांच एजेंसी कथित वित्तीय अनियमितताओं, भुगतान के स्रोत और कंपनियों के बीच हुए लेन-देन की पूरी कड़ी की जांच कर रही है। मामले में आगे और पूछताछ की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button