NEET UG 2026 Re-Exam: रायपुर में 25 केंद्रों पर होगी परीक्षा, कलेक्टर ने किया निरीक्षण; बारिश को देखते हुए विशेष इंतजाम के निर्देश

रायपुर। नीट यूजी 2026 की पुनः परीक्षा को लेकर रायपुर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 21 जून को आयोजित होने वाली परीक्षा के सुचारु और व्यवस्थित संचालन को लेकर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षार्थियों की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सेरीखेड़ी, उपरवारा हायर सेकेंडरी स्कूल, फॉरेस्ट कॉलोनी माना बस्ती, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय माना कैंप, मिंटू शर्मा स्मृति हायर सेकेंडरी स्कूल डुमरतराई सहित कई केंद्रों का दौरा किया।
इसके अलावा माधवराव सप्रे उच्चतर माध्यमिक शाला बुढ़ापारा, जेआर दानी शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कालीबाड़ी, संत कंवरराम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला कटोरा तालाब, शासकीय जे. योगानंदम छत्तीसगढ़ कॉलेज बैरन बाजार और प्रो. जेएन पांडे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नलघर चौक में भी तैयारियों की समीक्षा की गई।
बारिश को देखते हुए किए जाएंगे विशेष इंतजाम
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून को देखते हुए परीक्षा केंद्रों पर विशेष व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग प्रक्रिया खुले स्थान की बजाय शेड या छायादार जगह पर की जाए, ताकि बारिश के दौरान विद्यार्थियों को परेशानी न हो।
उन्होंने सभी केंद्रों में पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, बिजली व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले रास्तों को भी व्यवस्थित रखने को कहा गया।
केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर प्रतिबंध
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार का व्यवधान न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
रायपुर जिले में नीट यूजी 2026 री-एग्जाम के लिए कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।
निरीक्षण के दौरान रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, डीसीपी मयंक गुर्जर, डीसीपी उमेश कुमार गुप्ता, डीसीपी संदीप कुमार पटेल सहित अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।





