ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

24 घंटे में मिली ट्राइसाइकिल, दिव्यांग गणेश राम यादव को मिली नई रफ्तार

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने खबर पर लिया तत्काल संज्ञान, अवकाश के दिन भी सक्रिय रहा प्रशासन

रायगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम कमोसिनडांड निवासी जन्म से दिव्यांग गणेश राम यादव को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर महज 24 घंटे के भीतर ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई।

एक समाचार में गणेश राम की हाथों के सहारे चलने की तस्वीर सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के निर्देश मिलते ही समाज कल्याण विभाग और जिला प्रशासन सक्रिय हो गया। शासकीय अवकाश होने के बावजूद अधिकारियों ने जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के माध्यम से ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई। प्र

शासनिक टीम गणेश राम के घर भी पहुंची। उस समय वे घर पर नहीं थे, इसलिए ट्राइसाइकिल उनके बड़े भाई विचित्र यादव को सौंप दी गई, ताकि उनके लौटते ही उन्हें इसका उपयोग मिल सके।

गणेश राम यादव आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से हैं और जन्म से दिव्यांग होने के कारण वर्षों से ट्राइसाइकिल जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित थे।

पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र में रहने के कारण उन्हें रोजमर्रा के काम, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक स्थानों तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब ट्राइसाइकिल मिलने से उनके लिए आवागमन आसान होगा और वे अधिक आत्मनिर्भर जीवन जी सकेंगे।

गणेश राम के बड़े भाई विचित्र यादव ने मुख्यमंत्री और प्रशासन का आभार जताते हुए कहा कि अब तक उन्हें छोटी-सी दूरी तय करने के लिए भी हाथों के सहारे चलना पड़ता था। ट्राइसाइकिल मिलने से उनके जीवन में बड़ा बदलाव आएगा और वे अपने कई काम स्वयं कर सकेंगे।

परिवार की सदस्य चंद्रवती ने बताया कि परिवार के दोनों दिव्यांग भाइयों को नियमित रूप से दिव्यांग पेंशन मिलती है।

परिवार को महतारी वंदन योजना का लाभ भी मिल रहा है, जबकि राशन कार्ड के माध्यम से हर महीने खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे संवेदनशील और जनहितैषी शासन का उदाहरण बताया।

Related Articles

Back to top button