ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

चेन्नई से छत्तीसगढ़ आएंगे पर्यटक: टूरिज्म रोड शो में 130 से ज्यादा ट्रैवल एजेंट-ऑपरेटर जुड़े, B2B बैठक में बनी रणनीति

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन को दक्षिण भारत के बड़े बाजार से जोड़ने और राज्य में पर्यटकों की संख्या बढ़ाने के लिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने चेन्नई में ‘छत्तीसगढ़ टूरिज्म रोड शो’ आयोजित किया। फिक्की के सहयोग से हुए इस आयोजन में चेन्नई के 130 से अधिक ट्रैवल एजेंट और टूर ऑपरेटर शामिल हुए। B2B बैठकों में दोनों राज्यों के पर्यटन कारोबारियों के बीच पर्यटक समूहों को छत्तीसगढ़ लाने और कारोबारी साझेदारी बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई।

रोड शो में छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों, पर्यटन उत्पादों और निवेश की संभावनाओं की जानकारी चेन्नई के पर्यटन व्यवसायियों को दी गई। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने संबोधित करते हुए दक्षिण भारत के पर्यटन बाजार से राज्य को जोड़ने पर जोर दिया।

पर्यटन विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन (IAS) और टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे (IAS) भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। चौबे ने छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों, उपलब्ध पर्यटन उत्पादों और निवेश के अवसरों पर प्रस्तुतीकरण दिया।

पहली बार तमिल में हुआ पर्यटन का प्रस्तुतीकरण

रोड शो की खास बात रही कि पहली बार छत्तीसगढ़ पर्यटन की जानकारी तमिल भाषा में स्थानीय स्टेकहोल्डर्स के सामने प्रस्तुत की गई। सचिव भारतीदासन ने तमिल और अंग्रेजी में राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और विरासत संपदा की जानकारी दी। इससे स्थानीय पर्यटन कारोबारियों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने में मदद मिली।

कार्यक्रम में पर्यटन मंत्रालय की सहायक निदेशक एस. पद्मावती, फिक्की छत्तीसगढ़ टूरिज्म कमेटी के चेयरपर्सन जसप्रीत सिंह भाटिया, फिक्की तमिलनाडु स्टेट काउंसिल के को-कन्वीनर श्रीहरन बालन और तमिलनाडु पर्यटन के निदेशक डॉ. वी.पी. जयसीलन सहित कई प्रतिनिधि शामिल हुए।

छत्तीसगढ़ कैडर के अधिकारियों ने साझा किया जुड़ाव

चेन्नई में पदस्थ छत्तीसगढ़ कैडर के वरिष्ठ IAS अधिकारी के.सी. देवासेनापति और एलेक्स पॉल मेनन भी कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने छत्तीसगढ़ से अपने जुड़ाव और प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं पर विचार साझा किए।

आयोजकों के मुताबिक B2B बैठकों से दक्षिण भारत के बाजार में छत्तीसगढ़ के पर्यटन को नए पर्यटक और कारोबारी अवसर मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button