ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

2047 में विकसित भारत की बागडोर युवाओं के हाथों में होगी: मांडविया

जगदलपुर में युवा संवाद कार्यक्रम में बोले केंद्रीय मंत्री- राष्ट्र प्रथम की भावना से करें काम; माय भारत प्लेटफॉर्म से मिलेंगे नेतृत्व और करियर के अवसर

रायपुर। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर है। जब देश अपनी आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा, तब भारत की बागडोर आज की अमृत पीढ़ी के हाथों में होगी। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करने और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

डॉ. मांडविया सोमवार को जगदलपुर के कुम्हरावण्ड स्थित शासकीय कृषि महाविद्यालय में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने युवाओं से लोकतंत्र, रोजगार, नवाचार और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर सीधे चर्चा की।

माय भारत से तैयार होंगे एक लाख युवा नेतृत्वकर्ता

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से शुरू किया गया माय भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं को नवाचार, मार्गदर्शन, स्वयंसेवा और करियर के नए अवसर दे रहा है। इसके माध्यम से देशभर में एक लाख युवा नेतृत्वकर्ता तैयार करने का लक्ष्य है। ये युवा भविष्य में नीति निर्माण और जनसेवा में भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री के पंच प्रण- विकसित भारत का संकल्प, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, विरासत पर गर्व, एकता और नागरिक कर्तव्यों के पालन को जीवन में अपनाने की अपील की।

मतदाता सूची और बस्तर के पर्यटन पर भी चर्चा

संवाद के दौरान उन्होंने छात्र प्रांजल से मतदाता सूची पुनरीक्षण पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची जरूरी है। बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता और चित्रकोट जलप्रपात का उल्लेख करते हुए उन्होंने पर्यटन की संभावनाएं भी बताईं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वन मंत्री केदार कश्यप ने की। सांसद महेश कश्यप और विधायक किरण देव ने भी युवाओं को संबोधित किया। कश्यप ने युवाओं को राष्ट्र सेवा की शपथ दिलाई।

Related Articles

Back to top button