ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी बड़ी सफलता, जल्द होंगे बड़े खुलासे: CM साय

ओमान से हिरासत में लेकर भारत लाया गया महादेव सट्टा ऐप का मुख्य आरोपी; आज रायपुर की विशेष CBI कोर्ट में पेशी

रायपुर। महादेव सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर की गिरफ्तारी पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे बड़ी सफलता बताया है।

सोमवार सुबह रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि सौरभ को पकड़ने के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) लगातार प्रयास कर रही थी। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले में कई बड़े खुलासे होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने CBI और अन्य केंद्रीय जांच एजेंसियों को बधाई दी।

इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस पर ओमान में पकड़ा गया

CBI के अनुसार, सौरभ चंद्राकर के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसके आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने उसे ओमान में हिरासत में लिया। इसके बाद CBI और प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाकर ओमान सरकार को प्रत्यर्पण का औपचारिक प्रस्ताव भेजा।

भारत सरकार की एजेंसियों, इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो और ओमान के अधिकारियों के बीच समन्वय से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की गई। अनुमति मिलने के बाद CBI की विशेष टीम मस्कट पहुंची और सौरभ को भारत लेकर आई।

13 FIR की जांच CBI के पास

महादेव सट्टा ऐप से जुड़े मामलों में राज्य सरकार की ओर से दर्ज 13 FIR जांच के लिए CBI को सौंपी गई हैं। वहीं, ED ने भी सौरभ के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल की है। भारत पहुंचने के बाद उसकी मेडिकल जांच कराई गई। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे रायपुर लाया जा रहा है।

CBI के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर को 2 नवंबर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाएगा। उससे पूछताछ में सट्टा नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और मामले से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी मिलने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button