StateNewsउत्तर प्रदेश

3 साल की बच्ची से रेप के बाद हत्या, आरोपी का एनकाउंटर: पुलिस पर फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में दोनों पैरों में लगी गोली

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में 3 साल की बच्ची से रेप और हत्या के आरोपी का सोमवार सुबह पुलिस ने एनकाउंटर किया। आरोपी हीरालाल को पुलिस सबूत जुटाने के लिए घटनास्थल पर ले जा रही थी। इसी दौरान उसने छिपाकर रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके दोनों पैरों में गोली मारी। घायल आरोपी को पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया।

घटना मुस्कुरा इलाके की है। पुलिस के मुताबिक, रविवार दोपहर बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। वह बच्ची को गहरौली मार्ग स्थित नई बस्ती के पास अरहर के खेत में ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया और फिर पैजामी से गला कसकर हत्या कर दी। इसके बाद शव खेत में छोड़कर घर लौट आया।

बच्ची की तलाश में परिवार के साथ घूमता रहा आरोपी

शाम करीब 4 बजे बच्ची के नहीं मिलने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। आरोपी भी परिवार और ग्रामीणों के साथ बच्ची को खोजने का नाटक करता रहा। उसकी गतिविधियों पर शक होने पर परिजनों ने उसे पकड़ लिया। रात करीब 8 बजे अरहर के खेत में बच्ची का शव मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की

पुलिस जब शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाने लगी तो ग्रामीणों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने सीओ की गाड़ी समेत करीब आधा दर्जन पुलिस वाहनों के शीशे तोड़ दिए। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया।

सोमवार सुबह करीब 6 बजे आरोपी को घटनास्थल ले जाते समय मुस्कुरा के पावर हाउस के पीछे मुठभेड़ हुई। एएसपी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button