ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर के गोलबाजार में पकड़ी अवैध पटाखा फैक्ट्री: दुकान के ऊपर कमरे में बनवा रहे थे टॉप टाइगर बम, दो आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। रायपुर के गोलबाजार इलाके में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने अवैध पटाखा फैक्ट्री का खुलासा किया है। गणेश राम नगर में शिव शक्ति पटाखा दुकान के ऊपर बने आवासीय कमरे में दीपावली पर बिक्री के लिए पटाखे तैयार किए जा रहे थे। य

हां कर्मचारियों से ‘TOP TIGER’ नाम के पटाखे बनवाए जा रहे थे। टीम ने छापा मारकर 5 कार्टन तैयार पटाखे, बड़ी मात्रा में अधबने पटाखे और निर्माण में इस्तेमाल होने वाला एल्युमिनियम पाउडर जब्त किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।

मुखबिर की सूचना पर मारा छापा

पुलिस के मुताबिक, 1 नवंबर को सूचना मिली थी कि गणेश राम नगर स्थित शिव शक्ति पटाखा दुकान का संचालक दुकान के ऊपर बने कमरे में अवैध रूप से पटाखे बनवा रहा है।

इसके बाद एसडीएम कार्यालय, नगर निगम के जोनल कमिश्नर और पर्यावरण विभाग की संयुक्त टीम ने गोलबाजार थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णा साहू के नेतृत्व में छापेमारी की।

जांच के दौरान कमरे में ‘TOP TIGER’ नाम के पटाखे तैयार होते मिले। टीम को बोरियों और कार्टन में अधबने पटाखे भी रखे मिले। मौके से तैयार पटाखों के 5 कार्टन सहित निर्माण सामग्री जब्त की गई। इसके बाद संबंधित कमरे को सील कर दिया गया।

76 और 57 साल के दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में श्याम लाल ठाकुर (76), निवासी गणेश राम नगर, वर्तमान पता गांधी नगर अमलीडीह और दीपक ठाकुर (57), निवासी कालीनगर पंडरी के खिलाफ कार्रवाई की है। दोनों पर विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9B(1)(a) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 के तहत केस दर्ज किया गया है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से पटाखे न बनाएं और न ही उनका भंडारण करें। ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

Related Articles

Back to top button